मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कैंटर से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अनुमन्य 390 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से कैंटर चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब को चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था।पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रोहटा फ्लाईओवर के पास खड़ौली बाईपास पर एक कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। कैंटर में 390 पेटी अवैध विदेशी शराब मिली। पुलिस ने कैंटर चालक जोगिन्दर सिंह (36) निवासी ग्राम चक मेघा विरान, थाना गुरूहरसहाय, जिला फिरोजपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वाहन की फाइनेंस किस्त टूटने के बाद वह भाड़े पर वाहन चलाने की तलाश में था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए उससे संपर्क किया और चंडीगढ़ से बिहार के गया तक शराब पहुंचाने के लिए 80 हजार रुपये भाड़ा तय किया। आरोपी के मुताबिक उसे चंडीगढ़ से करीब 40 किलोमीटर दूर शराब से भरा कैंटर दिया गया था।पुलिस ने बरामदगी के मामले में थाना कंकरखेड़ा में मुकदमा संख्या 726/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।



