पिस्टल, मैगजीन, कारतूस और दो वाहन बरामद, तीन साथी फरार
अनीस संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। थाना परतापुर पुलिस और नगर स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय शातिर अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले कुछ लोग अछरोंदा-बहादुरपुर अंडरपास (DME) के पास मौजूद हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष परतापुर अजय शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम और नगर स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।पुलिस ने संदिग्धों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर बहादुरपुर की ओर भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में आमिर पुत्र हाजी फरियाद निवासी वेलकम कॉलोनी, दिल्ली के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा एक स्कूटी और चोरी की बताई जा रही स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए पीएल शर्मा अस्पताल भेजा गया।फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा आसपास के थानों को सूचना देकर घेराबंदी और सघन चेकिंग कराई जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



