मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।थाना सरधना क्षेत्र में नागला रोड स्थित गंग नहर के पास 25 जून 2026 को गोली लगने से हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।मोहल्ला जोगियान निवासी साकिब पुत्र सैफुद्दीन (23 वर्ष) का शव 25 जून की देर रात करीब 10:30 बजे नागला रोड स्थित गंग नहर के पास मिला था। युवक के सीने में गोली लगी हुई थी। सूचना पर पहुंची थाना सरधना पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटनास्थल से पुलिस को एक तमंचा और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था।मृतक के भाई आमिल पुत्र सैफुद्दीन की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में एक युवती नाज़मा पुत्री इरशाद निवासी सिटी गार्डन लिसाड़ी रोड मेरठ समेत उसके परिवार के छह सदस्यों बहन अजमा, उजमा, माँ मीना भाई दानिश व बहनोई के खिलाफ पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। तहरीर के अनुसार साकिब का युवती से करीब चार वर्षों से संपर्क था। आरोप है कि युवती और उसके परिजन उससे आर्थिक मदद लेते रहे और बाद में रुपये देने में असमर्थ होने पर उस पर दबाव बनाया गया।परिजनों ने आरोप लगाया था कि युवती, उसकी बहनों, मां, भाई और बहनोई द्वारा कथित रूप से ब्लैकमेल किया जा रहा था तथा रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई। परिजनों का यह भी आरोप था कि मुकदमे में समझौते के नाम पर लाखों रुपये की मांग की जा रही थी, जिसके चलते साकिब मानसिक तनाव में था।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और अन्य उपलब्ध तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



