शादाब कैमरामैन एन 20 न्यूज
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना पुलिस और स्वाट टीम नगर ने एटीएम लूट की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथी समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लूट से संबंधित 15 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, चार सितंबर को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एटीएम पर एक व्यक्ति से लूट की घटना हुई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। रविवार को मेरठ-शामली रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने लगे। पीछा करने के दौरान पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी विपिन निवासी बनत, शामली के बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके साथी लुकमान निवासी बनत, शामली को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तमंचा, कारतूस और 10 हजार रुपये बरामद किए।इसके बाद पुलिस ने घटना से जुड़े तीसरे आरोपी अंकुर निवासी लक्ष्मी विहार, कंकरखेड़ा को जेबरी पुल के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस और पांच हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।



