फुरकान रोहटा संवाददाता एन 20 न्यूज
रोहटा। विकासखंड के भोला गांव में नेपाल में आई बाढ़ के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि एवं यज्ञ-तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देकर उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति मिलने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में ज्योतिषाचार्य कुलदीप शर्मा ने विधि-विधान से यज्ञ एवं तर्पण कराया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान माहौल गमगीन रहा और ग्रामीणों ने बाढ़ की घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धापूर्वक याद किया।ज्योतिषाचार्य कुलदीप शर्मा ने कहा कि दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना और तर्पण श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक धार्मिक माध्यम है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की कामना की। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रत्याशी शाली राणा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई। ग्रामीणों ने कहा कि नेपाल में हुई बाढ़ की त्रासदी से वे बेहद दुखी हैं और इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।अंत में ग्रामीणों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और उनके परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्राप्त हो।



