मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की ओर से किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक सितंबर को मेरठ कमिश्नरी के घेराव और किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली महापंचायत में संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत भी शामिल होंगे। संगठन ने बड़ी संख्या में किसानों के ट्रैक्टरों के साथ पहुंचने का दावा किया है।महापंचायत को लेकर जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने जनपद के सैकड़ों गांवों में किसानों के साथ बैठकें और जनसंपर्क किया। इस दौरान किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की गई।भाकियू के मुताबिक किसानों की प्रमुख समस्याओं में बिजली के बढ़े हुए लोड, खाद समितियों में खाद और ब्याज से जुड़े कथित घोटाले, चीनी के बढ़े दाम का किसानों को लाभांश न मिलना, गन्ना भुगतान और गन्ना मूल्य सहित तहसीलों में लेखपाल व अन्य अधिकारियों द्वारा किसानों के कथित शोषण के मुद्दे शामिल हैं।संगठन का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने 21 जुलाई को अपर मंडलायुक्त अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा था। समस्याओं का समाधान नहीं होने के बाद अब कमिश्नरी घेराव और महापंचायत का निर्णय लिया गया है।भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी और किसानों ने समस्याओं के समाधान का संकल्प लिया है। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में अनिश्चितकालीन आंदोलन और जेल भरो आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी है।जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने शहरवासियों से एक सितंबर को कमिश्नरी के आसपास के मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।



