मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।मोदीपुरम स्थित फ्यूचर प्लस हॉस्पिटल में शुक्रवार देर रात मरीज हारून की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल में तैनात बाउंसरों पर मृतक के बेटे सुहेल तथा भाई सलमान और फिरोज के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। घटना के बाद परिजन बाउंसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक अस्पताल में हंगामा करते रहे।जानकारी के अनुसार, सिसौला खुर्द निवासी हारून को फेफड़ों में परेशानी और बुखार के चलते 29 अगस्त की देर रात सिरोही हॉस्पिटल से फ्यूचर प्लस हॉस्पिटल लाया गया था। परिजनों के अनुसार, हारून की हालत गंभीर थी और उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए।परिजनों का आरोप है कि मरीज की मौत के बाद अस्पताल में तैनात बाउंसरों ने हारून के बेटे सुहेल तथा उसके भाई सलमान और फिरोज के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजन बाउंसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे।हंगामे की सूचना पर पल्लवपुरम थाना प्रभारी भारत सारस्वत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद दौराला सीओ शिव ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने परिजनों से तहरीर ली और बाउंसरों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और मृतक के शव को अपने साथ लेकर सिसौला खुर्द, थाना जानी स्थित अपने गांव चले गए।वहीं, हॉस्पिटल के मालिक डॉ. जेवी चिकारा का कहना है कि उनके स्टाफकर्मी शिवम और उसके एक साथी के साथ हारून के बेटे सुहेल व भाई ने मारपीट की। उनका कहना है कि हारून की हालत पहले से गंभीर थी और बीमारी के चलते देर रात उसकी मृत्यु हुई।पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर और मामले की जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



