मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुलिस लाइन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पहले कैंसर स्क्रीनिंग सेंटर के निर्माण के लिए बुधवार को भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। सेंटर की संकल्पना राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के मार्गदर्शन में की गई है। सेंटर का निर्माण सांसद निधि से कराया जाएगा।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर, मंडलायुक्त भानू चंद्र गोस्वामी, डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद समेत स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा स्क्रीनिंग सेंटर होगा, जहां विभिन्न प्रकार के कैंसर की शुरुआती जांच की जाएगी। सेंटर से एम्स झज्जर, हरियाणा के विशेषज्ञों के साथ टेली-कंसल्टेशन की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि यह सेंटर मेरठ में कैंसर उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बनेगा।सेंटर के भवन के लिए 3.66 लाख रुपये तथा चिकित्सा उपकरणों के लिए करीब 23.05 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। यहां पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के साथ-साथ स्थानीय आम लोगों को भी कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी ने बताया कि सेंटर में मुंह के कैंसर की ओरल जांच, स्तन कैंसर के लिए ब्रेस्ट एग्जामिनेशन, जरूरत पड़ने पर एफएनएसी, सर्वाइकल कैंसर के लिए पैप स्मीयर तथा प्रोस्टेट कैंसर के लिए पीएसए टेस्ट की सुविधा प्रस्तावित है। चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार फेफड़ों और ब्रेन ट्यूमर की स्क्रीनिंग भी कराई जाएगी।कैंसर की आशंका वाले मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल एवं एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज मेरठ से जोड़ा जाएगा। सेंटर में स्क्रीनिंग से लेकर डायग्नोसिस, रेफरल, विशेषज्ञ परामर्श, उपचार और फॉलोअप तक की व्यवस्था को एकीकृत करने का प्रयास किया जाएगा। मरीजों के लिए आभा आईडी, ई-रेफरल और ओपीडी पंजीकरण जैसी डिजिटल सुविधाओं को भी जोड़े जाने की योजना है।एडीजी भानू भास्कर ने सेंटर की स्थापना को गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। मंडलायुक्त भानू चंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी इसे कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार की दिशा में अहम कदम बताया।भूमि पूजन विधि-विधान से कराया गया। कार्यक्रम का संयोजन एसपी क्राइम अवनीश कुमार, सीओ सिविल लाइन संग्राम सिंह और प्रतिसार निरीक्षक हरपाल सिंह ने किया, जबकि संचालन डॉ. अंकुर त्यागी ने किया।कार्यक्रम में अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अशोक कुमार तालियान, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आरसी गुप्ता, एसीएमओ डॉ. पूजा शर्मा सहित स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



