मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर/मेरठ। थाना सरूरपुर पुलिस ने गौकशी की तैयारी कर रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी सरूरपुर भेजा गया। वहीं, एक अन्य आरोपी अंधेरे और गन्ने के खेत का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।पुलिस के मुताबिक, 23/24 अगस्त की रात थाना प्रभारी गौरव सिंह पुलिस बल के साथ हर्रा-खिवाई मोड़ पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिंडन नदी पुल से पहले गैस प्लांट के सामने बरनावा-बिनौली मार्ग से खेतों की ओर जाने वाले खड़ंजे पर करीब 200 मीटर अंदर तीन लोग मोटरसाइकिल के साथ मौजूद हैं। आरोपियों ने एक गोवंश को पेड़ से बांध रखा था और गौकशी की तैयारी कर रहे थे।सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में खिवाई निवासी तसलीम के दाहिने पैर और भूरा के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।मौके से पुलिस ने दो .315 बोर के तमंचे, दो खोखा कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त दो चाकू, बांका/गंडासा, सूजा, प्लास्टिक का थैला, रस्सी से बंधा एक जीवित गोवंश और बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व में भी कई मुकदमों में आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



