मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सिवालखास की सियासत में बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। दबथुवा गांव में रालोद युवा प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ रालोद नेता संजय चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा सियासी हमला बोला। उनके बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने जिनके पिता को इकन्नी से रुपया बनाया था, अब 2027 में हम सभी संकल्प लें कि उन्हें रुपया से इकन्नी बना देंगे और जमीन में गाड़ देंगे। संजय चौधरी के इस बयान को सीधे तौर पर अखिलेश यादव पर राजनीतिक निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रालोद युवा प्रकोष्ठ से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
संजय चौधरी के बयान के बाद सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। रालोद और सपा के बीच पहले से चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच इस बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि सपा की ओर से इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सिवालखास में नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति को और गरमा सकती है।



