मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली–मेरठ नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर को बेहतर सुशासन और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। उन्होंने परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराने के लिए इसकी सराहना की।प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी परियोजना की सफलता के लिए समय का विशेष महत्व है। उन्होंने दिल्ली–मेरठ नमो भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि शुरू की गई परियोजना समय पर पूरी होनी चाहिए और जनता को मिलने वाली सेवा भी समय की कसौटी पर खरी उतरनी चाहिए। कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनें 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से संचालित हो रही हैं।दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड से हुई थी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से कॉरिडोर का विस्तार किया गया। 22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो के साथ पूरे दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया।कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। औसतन करीब एक लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं। 3 अगस्त 2026 को 1.50 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की, जो अब तक की सबसे अधिक दैनिक यात्री संख्या रही। इससे पहले 8 जून 2026 को करीब 1,25,500 यात्रियों का रिकॉर्ड दर्ज हुआ था।सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, गाजियाबाद और बेगमपुल प्रमुख व्यस्त स्टेशनों में शामिल हैं। इन स्टेशनों पर मेट्रो, रेलवे, आईएसबीटी और सिटी बस जैसी परिवहन सेवाओं से कनेक्टिविटी उपलब्ध है। ये स्टेशन मिलकर कॉरिडोर की कुल यात्री संख्या में 40 प्रतिशत से अधिक योगदान दे रहे हैं।नमो भारत ने भीषण गर्मी, मानसून, कांवड़ यात्रा और दिवाली जैसे व्यस्त अवसरों के दौरान भी लगातार सेवाएं जारी रखकर यात्रियों के बीच भरोसा मजबूत किया है। प्रधानमंत्री की सराहना को दिल्ली–मेरठ क्षेत्र में आधुनिक, तेज और समयबद्ध सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।



