मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सोमवार को दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में घने बादल छाने के साथ तेज गड़गड़ाहट शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद बारिश शुरू हो गई। शुरुआत में धीमी बारिश हुई, लेकिन इसके बाद करीब एक घंटे से अधिक तक तेज बारिश होने से सरधना नगर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।तेज बारिश के चलते नगर की मुख्य सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक पानी ही पानी नजर आया। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी दिखाई देने लगीं। नालों और सड़कों पर एक साथ पानी बहने के कारण वाहन चालकों को यह पता लगाना मुश्किल हो गया कि सड़क कहां है और नाला कहां। इसके चलते दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।मुख्य मार्गों से लेकर गली-मोहल्लों तक जलभरावबारिश के बाद सरधना के कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित दिखाई दी। मुख्य मार्गों के अलावा गली-गलियारों में भी पानी भर गया। कई जगहों पर जलभराव इतना अधिक रहा कि लोगों को जरूरी काम से घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी हुई। कीचड़, गंदगी और सड़कों पर जमा पानी के बीच लोगों को आवागमन करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या केवल बारिश के दौरान पैदा होने वाली अस्थायी समस्या नहीं है, बल्कि यह सरधना नगर की पुरानी समस्या बन चुकी है। मामूली बारिश में भी कई इलाकों में पानी भर जाता है और तेज बारिश होने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।घरों और दुकानों तक पहुंचता है बारिश का पानीजलभराव के कारण कई स्थानों पर बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों के आसपास तक पहुंच जाता है। इससे दुकानदारों और मकान मालिकों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में उन्हें इसी समस्या से जूझना पड़ता है।मेरठ रोड का मुख्य नाला बना परेशानी की बड़ी वजहनगरवासियों के अनुसार मेरठ रोड स्थित मुख्य नाला जल निकासी व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन लंबे समय से इसकी समुचित सफाई नहीं हुई है। नाला कचरे और गंदगी से अटा पड़ा होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। मुख्य नाला चोक होने से उससे जुड़े अन्य नालों में भी पानी की निकासी नहीं हो पाती और बारिश होते ही जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।नगर पालिका से कई बार की गई शिकायत, समाधान अब तक नहींनगरवासियों का कहना है कि जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए वे सैकड़ों बार नगर पालिका प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती तो सोमवार को पैदा हुई स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता था।नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि सरधना के सभी छोटे-बड़े नालों की तत्काल सफाई कराई जाए, विशेष रूप से मेरठ रोड स्थित मुख्य नाले की सफाई कराकर उसकी जल निकासी क्षमता बढ़ाई जाए। साथ ही जिन स्थानों पर बार-बार जलभराव होता है, वहां स्थायी जल निकासी की व्यवस्था की जाए।लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाली तेज बारिश में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। नगरवासियों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और बारिश के पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है।



