मानकों के विपरीत पीली ईंट लगाने, विरोध पर धमकी देने और पुराने निर्माण की अनदेखी का आरोप; जांच कर कार्रवाई की मांग
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। नगर पंचायत सिवाल खास में चल रहे सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। वार्ड नंबर-5 के सभासद शहजादा ने अधिशासी अधिकारी को लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मांगेराम के मकान से इरशाद के मकान तक बन रहे सीसी मार्ग के दोनों ओर नाली निर्माण में टेंडर की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है और प्रथम श्रेणी (अव्वल) ईंटों के स्थान पर पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है।सभासद शहजादा का कहना है कि जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर घटिया सामग्री लगाए जाने का विरोध किया और ठेकेदारों से टेंडर के अनुसार कार्य करने को कहा, तो ठेकेदारों ने उनकी बात मानने के बजाय अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदारों ने कहा कि वे पीली ईंट ही लगाएंगे और जो करना है कर लो।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि करीब तीन-चार माह पहले वार्ड नंबर-6 में उनके मकान के सामने बनाई गई सीसी सड़क भी खराब हो चुकी है। उसे ठीक कराने की मांग करने पर भी ठेकेदारों ने कोई कार्रवाई नहीं की।सभासद शहजादा ने अधिशासी अधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल नगर पंचायत प्रशासन की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जब हमने अधिशासी अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने हमारा फोन नहीं उठाया।
