मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
रोहटा। थाना क्षेत्र के थिरोट गांव की बीए छात्रा ललिता गौतम की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि पड़ोसी गांव डालु पट्टी अट्टा से एक अन्य छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। छात्रा का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को रोहटा थाने पहुंचकर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।डालु पट्टी अट्टा निवासी शगुन उर्फ आरजू (पुत्री सतीश जाटव), जिसने हाल ही में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण कर बीए में प्रवेश लिया है, 13 जुलाई की सुबह करीब नौ बजे घर से शौच के लिए जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश के बाद उसी दिन पुलिस को सूचना दी और तहरीर दी।परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर छात्रा को अगवा करने की आशंका जताई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी न मिलने पर बुधवार को उसे छोड़ दिया।इससे नाराज ग्रामीण ग्राम प्रधान दीपक के नेतृत्व में गुरुवार को थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि पुलिस ने संदिग्ध युवक को छोड़कर मामले में ढिलाई बरती है। इस दौरान थाना प्रभारी पूजा पवार और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया।पुलिस ने छात्रा के पिता सतीश की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी पूजा पवार ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने कहा कि छात्रा की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है और जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।
