मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
रोहटा। पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं शालिगराम शर्मा स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय ओमप्रकाश त्यागी की जन्मशती पर बुधवार को रासना इंटर कॉलेज में श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों तथा क्षेत्र के लोगों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के एमएसएमई मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य भूपेंद्र चौधरी रहे, जबकि अध्यक्षता रालोद संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद केसी त्यागी ने की। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. संजीव बालियान मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार का दर्जा प्राप्त) डॉ. भूपेंद्र तोमर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन संस्था के मंत्री प्रदीप त्यागी ने किया।मुख्य अतिथि भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि समाज के लिए किए गए कार्यों से होती है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश त्यागी ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसके कारण आज भी समाज उन्हें सम्मान के साथ याद करता है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान, युवा और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया।अध्यक्षीय संबोधन में केसी त्यागी ने कहा कि भाजपा और रालोद का गठबंधन विकास और किसान हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी द्वारा किसानों और खेल प्रतिभाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने किसानों से अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि सरकार कृषि और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने इथेनॉल उत्पादन को किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह ने भी स्वर्गीय ओमप्रकाश त्यागी के सामाजिक, शैक्षिक और जनसेवा के योगदान को याद किया। संस्था के मंत्री प्रदीप त्यागी ने भविष्य में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के सम्मान में भी कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, मुकेश शास्त्री, कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन विमल शर्मा, शिव कुमार राणा, रणवीर दहिया, नवाब लखवाया, आदेश फौजी, कुंवर मोहम्मद अली सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
