थाना प्रभारी गौरव सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई, संदिग्ध वाहनों की ली गई तलाशी
मेरठ।सरूरपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी गौरव सिंह के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर गहन जांच की और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली।अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 5 बाइकों को सीज किया गया, जबकि 20 से अधिक वाहनों का चालान किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा और कई लोग नियमों का पालन करते नजर आए।थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि यह अभियान उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

