मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के रसूलपुर धौलड़ी गांव में गुरुवार देर शाम पिता की हत्या कर फरार हुआ आरोपी बेटा रियाज अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हत्या के बाद से आरोपी अपनी कार लेकर फरार है और लगातार स्थान बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।बताया जा रहा है कि पैतृक संपत्ति और पैसों के विवाद के चलते रियाज ने अपने पिता एजाज (75) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन टोल प्लाजा से मिल रही है। सबसे पहले रियाज की कार काशी टोल प्लाजा से गुजरने की पुष्टि हुई। इसके बाद बहादुरपुर फरीदाबाद टोल पर उसकी गाड़ी दर्ज हुई। तीसरी बार शुक्रवार देर शाम गाजियाबाद के रसूलपुर प्लाजा पर उसकी कार का टोल कटने की जानकारी सामने आई है।लगातार तीन टोल पार होने से साफ है कि आरोपी लगातार फरार है और पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश कर रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें, सर्विलांस यूनिट और भारी पुलिस फोर्स को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है।गांव में घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

