मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां पति ने ही अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महज 4 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया।मृतका की पहचान 27 वर्षीय कोसर पत्नी साकिब निवासी मजीद नगर गली नंबर-3, गड्डे वाली मस्जिद के पास, थाना लिसाड़ी गेट के रूप में हुई। मृतका के भाई मुरसलीम निवासी जानी बुजुर्ग ने थाना लिसाड़ी गेट में तहरीर देकर बहन की हत्या की जानकारी दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत थाना लिसाड़ी गेट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी साकिब पुत्र कदीर को मजीद नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने पेपर कटर से पत्नी का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पेपर कटर भी बरामद कर लिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस निर्मम हत्या को लेकर स्तब्ध हैं।

