मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के रसूलपुर धौलड़ी गांव में पिता की हत्या की दर्दनाक घटना के बाद शुक्रवार को पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल बना रहा। 75 वर्षीय एजाज पुत्र अब्दुल रहमान, जिनकी उनके ही बेटे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, उनका जुम्मे की नमाज के बाद पुलिस फोर्स की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और हर किसी की जुबान पर यही चर्चा रही कि आखिर एक बेटा अपने ही पिता की जान कैसे ले सकता है।बताया जा रहा है कि मृतक एजाज ने कुछ समय पहले अपनी खेत की जमीन लाखों रुपये में बेची थी। इसी रकम को लेकर उनके बड़े बेटे रियाज के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार के लोगों के अनुसार, पैसों के बंटवारे को लेकर आए दिन कहासुनी होती रहती थी। कई बार रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने समझौता कराने की कोशिश भी की, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता गया।शुक्रवार को विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े बेटे रियाज ने गुस्से में आकर अपने पिता एजाज पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल एजाज को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।वारदात की सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगा दिया है।संवेदनशील माहौल को देखते हुए प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। जुम्मे की नमाज के बाद पुलिस फोर्स की निगरानी में अंतिम संस्कार कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और परिचित मौजूद रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में अब भी दहशत और गम का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

