अनीस अहमद संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजया किशोर रहाटकर का भव्य स्वागत किया गया। संस्थान प्रबंधन ने उन्हें बुके, स्मृति चिन्ह और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के चुनावों से पहले लागू करने की जोरदार मांग उठाई गई।डॉ. विजया रहाटकर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी, सम्मानित मातृशक्ति का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में समान भागीदारी मिलनी चाहिए और यह अधिकार हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने देश के विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से इस अधिनियम के समर्थन में जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।वेंकटेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सुधीर गिरि ने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और संवैधानिक स्थिति मजबूत होगी। प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि संविधान में समानता के अधिकार के तहत महिलाओं की भागीदारी 33 प्रतिशत ही नहीं, बल्कि 50 प्रतिशत तक सुनिश्चित होनी चाहिए।इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से 11 हजार छात्र-छात्राओं, फैकल्टी सदस्यों और आगंतुकों के हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र डॉ. रहाटकर को सौंपा गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, महिला आयोग तथा विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

