मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर । थाना सरूरपुर पुलिस ने एआई फेसियल रिकॉग्निशन तकनीक की मदद से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी क्षेत्र में ट्यूबवेल को निशाना बनाकर चोरी की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से ताला तोड़ने के उपकरण भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार बुधवार को थाना सरूरपुर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हर्रा क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्ति ट्यूबवेल को निशाना बनाकर चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इमरान पुत्र यूसुफ उर्फ यूरूफ और राकिब पुत्र उमर मोहम्मद उर्फ उमरू निवासी कस्बा हर्रा, थाना सरूरपुर के रूप में हुई।पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने यक्ष ऐप के एआई फेसियल रिकॉग्निशन सिस्टम से उनका सत्यापन किया, जिससे उनकी असली पहचान सामने आ गई। जांच में दोनों के खिलाफ पहले से चोरी व लूट के मामले दर्ज होने की जानकारी भी मिली।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान स्थानों पर स्थित ट्यूबवेल और कृषि उपकरण रखने वाले स्थानों को चिन्हित कर ताले तोड़कर चोरी करते थे। तलाशी के दौरान उनके पास से एक प्लास और एक पेचकस बरामद हुआ।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

