मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एनवायरमेंट क्लब द्वारा सनसिटी कॉलोनी, रुड़की रोड स्थित क्षेत्र में ‘प्रकृति की बात नारी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत महिलाओं को गौरैया सखी बनाते हुए उन्हें निःशुल्क मिट्टी के सकोरे वितरित किए गए और पक्षियों व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की परिक्षेत्रीय अधिकारी मान्या चतुर्वेदी रहीं। उनका स्वागत क्लब की महिला स्वयंसेविकाओं हर्षिता वशिष्ठ और मनस्वी ने पौधा भेंट कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मान्या चतुर्वेदी ने कहा कि प्रकृति के संरक्षण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने आसपास पर्यावरण को बचाने के लिए जल संरक्षण, पेड़-पौधों की सुरक्षा, नन्हें पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तनों में नियमित रूप से पानी रखना, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करना और प्रदूषण से बचाव जैसे कदम उठाने चाहिए।उन्होंने एनवायरमेंट क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब की महिला सदस्यों द्वारा रचनात्मक तरीके से पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जा रहा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है।क्लब के संस्थापक सावन कनौजिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘कहाँ गई मेरे आंगन की गौरैया’ अभियान की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत विभिन्न आवासीय कॉलोनियों में जाकर पक्षियों के लिए पानी रखने हेतु निःशुल्क मिट्टी के सकोरे वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि क्लब इस अभियान को इस वर्ष आठवीं बार चला रहा है, जिसमें महिलाओं को गौरैया सखी और पुरुषों को गौरैया मित्र नियुक्त किया जाएगा, ताकि तेजी से लुप्त हो रही गौरैया को बचाने के लिए समाज के सभी वर्ग आगे आएं।कार्यक्रम के दौरान सनसिटी कॉलोनी की महिलाओं को मुख्य अतिथि और क्लब सदस्यों द्वारा मिट्टी के सकोरे वितरित किए गए तथा उन्हें प्रतिदिन पक्षियों के लिए पानी रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।इस अवसर पर नीता मिश्रा, राजेश चौधरी, आराधना शर्मा, विजिता गर्ग, सुमन टंडन, दुर्गेश, सुनिता सिंह, सावन कनौजिया, हर्षिता वशिष्ठ, मनस्वी, सचिन, यश, आर्यन राणा, दीपांशु, हर्षित और युसुफ सहित कई लोग उपस्थित रहे।

