अनीस अहमद संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में गुरुवार को सामाजिक जागरूकता, विधि शिक्षा और जेंडर समानता को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी रही।गुरुग्राम के कादरपुर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में डॉ. शोभा गुप्ता एवं श्री आमोद गुप्ता ने विद्यार्थियों को देशभक्ति, अनुशासन एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। इस दौरान “जय हिंद”, “वंदे मातरम्” जैसे नारों के माध्यम से छात्रों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की गई। डॉ. शोभा गुप्ता ने सुभाष चंद्र बोस के योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

वहीं, आमोद गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए प्रत्येक छात्र को अपने जन्मदिन पर पौधा लगाने का संकल्प दिलाया।दूसरी ओर, विश्वविद्यालय के सरदार पटेल सुभारती इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में “विधि शिक्षा एवं न्याय प्रणाली में भारतीय भाषाओं की भूमिका” विषय पर जागरूकता वार्ता आयोजित की गई। मुख्य वक्ता प्रो. आलोक शर्मा (दिल्ली विश्वविद्यालय) ने न्याय को जनभाषा में सुलभ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान का आधार भी है। कार्यक्रम में भारतीय भाषा अभियान के क्षेत्रीय समन्वयक राजेंद्र शुक्ला ने यूनेस्को द्वारा घोषित अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस की प्रासंगिकता बताई। अधिवक्ता भावेश बेनीवाल ने विधि क्षेत्र में मातृभाषा के महत्व को रेखांकित किया।इसी क्रम में SITE कॉलेज परिसर में जेंडर सेंसिटाइजेशन विषय पर आधारित फैशन रैम्प वॉक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देना रहा। प्रतिभागियों ने पेशेवर परिधानों के माध्यम से यह संदेश दिया कि सफलता के लिए लिंग नहीं, बल्कि प्रतिभा और परिश्रम महत्वपूर्ण हैं। प्रतियोगिता में नंदिनी गुप्ता प्रथम, जबकि अक्षिता त्यागी एवं दीपांशु साहू द्वितीय स्थान पर रहे।कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

