मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरूरपुर विद्युत उपकेन्द्र से पोषित 11 केवी लाइन पर कक्केपुर फीडर के भूनी क्षेत्र के जंगल से अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। 24-25 जनवरी की मध्य रात्रि में डबल पोल पर स्थापित कुल पांच विद्युत ट्रांसफार्मरों को नीचे गिराकर उनके अंदर से कीमती सामान चोरी कर लिया गया।चोरी हुए ट्रांसफार्मरों में चार 25 केवीए और एक 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर शामिल है। ये ट्रांसफार्मर ग्राम भूनी व मूनी के किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए लगाए गए थे। घटना से क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्राम भूनी निवासी अंकित दत्त पुत्र ब्रिजेश्वर, रामकुमार पुत्र नेत्रराम, तेजवीर पुत्र शिवचरण तथा बशेश्वर दयाल पुत्र नंद किशोर के खेतों पर लगे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर चोरी किए गए।वहीं ग्राम मूनी निवासी देवीचरण पुत्र अतर सिंह के खेतों पर स्थापित 63 केवीए का ट्रांसफार्मर भी चोरों द्वारा क्षतिग्रस्त कर उसका सामान चोरी कर लिया गया।चोर ट्रांसफार्मरों के अंदर लगे वाइंडिंग कोर, एलटी-एचटी बुशिंग रॉड तथा तेल निकालकर खाली बॉडी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इस घटना से विद्युत विभाग को लगभग 6 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।मामले में अवर अभियंता सरदार सिंह द्वारा एंटी पावर थेफ्ट थाना मेरठ में अज्ञात चोरों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु तहरीर दी गई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

