सरधना में प्रशासन सतर्क, निर्माण कार्य में लाई गई तेजी- उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तैयारी का ले रहे जाएगा
मेरठ ।प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ के सरधना क्षेत्र में सलावा गांव के पास निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। हालांकि मंगलवार देर रात तक मुख्यमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए खेल विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को तय समय से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यदायी संस्था के इंजीनियर और परियोजना से जुड़े अधिकारी दिनभर स्थल पर मौजूद रहे। फिनिशिंग कार्य, सड़क, जलनिकासी, बिजली व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।80 प्रतिशत निर्माण पूरा, अप्रैल 2026 तक हैंडओवर की तैयारीसलावा में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। परियोजना के तहत विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य लगभग 49 महीनों से लगातार चल रहा है, जिसमें अब तक करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में स्टेडियम, हॉस्टल, शैक्षणिक भवन, प्रशासनिक भवन, इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कोचिंग सेंटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण अंतिम चरण में है। परियोजना को अप्रैल 2026 तक पूर्ण कर हैंडओवर किया जाना प्रस्तावित है। इसके बाद वर्ष 2026 में ही खिलाड़ियों के लिए नियमित कक्षाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की योजना है।सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भी लिया गया जायजामुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है। पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन, हेलीपैड सुरक्षा और मार्गों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने हेलीपैड से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक के मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के लिए आ सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रमप्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जनवरी को दोपहर करीब 1:50 बजे हरियाणा के सोनीपत से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा सलावा स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे कार द्वारा खेल विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे।निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, खेल विश्वविद्यालय के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक करेंगे, जिसमें लगभग 40 से 50 लोग शामिल रहेंगे। बैठक में निर्माण की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और विश्वविद्यालय के संचालन से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके बाद मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकॉप्टर से सहारनपुर के लिए रवाना होंगे।उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आज और कल मेरठ मेंप्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार और गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर मेरठ पहुंच रहे हैं। उनके दौरे के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, गौ संरक्षण, विकास कार्यों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।बुधवार शाम 7 बजे उप मुख्यमंत्री धीरखेड़ा स्थित गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण करेंगे। गुरुवार सुबह 8:05 बजे वे लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में निर्माणाधीन 100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक और लेक्चर थिएटर भवन का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।इसके बाद सुबह 11:15 बजे वे राजकीय महिला महाविद्यालय, दादरी सरधना का निरीक्षण करेंगे।दोपहर 12:10 बजे सरस्वती लोक स्थित जागेश्वर धाम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। 12:40 बजे सूरजकुंड स्थित महापौर कैंप कार्यालय सभागार में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।दोपहर 2:25 बजे कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं शाम 3:55 बजे बच्चा पार्क स्थित पी.एल. शर्मा स्मारक भवन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित ऑल इंडिया कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

