ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की
मेरठ ।थाना सरधना क्षेत्र के ग्राम नंगला आर्डर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां आवारा गाय की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का उपचार सरधना के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नंगला आर्डर निवासी राजपाल की बहन श्रीमती महेन्द्री पत्नी स्वर्गीय सुकली, जो मूल रूप से ग्राम बासरी तहसील जानसठ, जिला मुजफ्फरनगर की निवासी हैं, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान अचानक वहां पहुंची एक आवारा गाय ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला जमीन पर गिर पड़ी और उन्हें गंभीर चोटें आईं।परिजन तुरंत घायल महिला को ईश्वर नर्सिंग होम, सरधना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में आवारा पशुओं को लेकर रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना का संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। इस मौके पर संजीव कुमार, सुखपाल, रामकुमार, राहुल, राजपाल, मीना सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

