मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम 9:20 बजे उस समय सनसनी फैल गई जब घाट निवासी संजय उर्फ मीठा पुत्र उदयराज को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग में संजय उर्फ मीठा के पेट में तीन गोलियां लगी हैं, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय उर्फ मीठा ने घाट निवासी संजय पूर्व प्रधान पुत्र गजराज से बाईपास फ्लावर के पास स्थित सनराइज होटल को किराए पर लिया हुआ था। घटना सनराइज होटल के पास ही हुई, जहां अज्ञात बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर जानी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल संजय उर्फ मीठा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। जानी पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल इस सनसनीखेज फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

