मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।जानी थाना क्षेत्र के गांव कुराली निवासी दो युवक शनिवार देर कार सहित रुड़की के पास गंगनहर में गिर गए। हादसे में दोनों युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों युवकों की मौत की जानकारी पर गांव-परिवार में मातम छाया हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुराली गांव निवासी सौरभ (24) पुत्र राजकुमार शर्मा और आयुष उर्फ पुनीत (23) पुत्र राजू शर्मा शनिवार देर रात कार से हरिद्वार से कांवड़ मार्ग से होते हुए अपने घर कुराली आ रहे थे। कांवड़ यात्रा मार्ग पर रुड़की के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में गिर गई। इस दौरान पीछे आ रहे अन्य राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार कार को गंगनहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक कार की सीट बेल्ट में अटकने से सौरभ और आयुष की पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। और गांव में मातम छाया हुआ है।

