मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग स्थित जानी गंग नहर पुल पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों द्वारा चेकिंग के नाम पर अवैध उगाही किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैफिक चेकिंग निर्धारित चौराहे के बजाय उससे हटकर सुनसान स्थानों पर की जा रही है, जिससे राहगीरों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस का दायित्व नियमों के तहत निर्धारित चौराहों पर वाहनों की जांच करना है, लेकिन यहां पुल के पास अलग-अलग स्थानों पर वाहन चालकों को रोककर उनसे अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे हैं। इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।मोदीनगर राहगीर ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे बेवजह रोककर चेकिंग के नाम पर एक हजार रुपये वसूल लिए। राहगीर का कहना था कि पैसे देने से इनकार करने पर पुलिसकर्मियों ने उसकी बाइक का इंडिकेटर टूटा होने का हवाला देकर चालान करने की धमकी दी।इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि अवैध उगाही पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो वे उत्तर प्रदेश के डीजीपी और मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। साथ ही चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने की स्थिति में क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

