सरूरपुर संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर।ब्लॉक क्षेत्र के टोल प्लाजा भुनी में मंगलवार को किसान मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन का जत्था एकत्र हुआ। बड़ी संख्या में किसान भुनी टोल प्लाजा पर पहुंचे, जहां उन्होंने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान किसानों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और किसानों के हक-अधिकारों के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के बाद किसान यूनियन का जत्था सिसोली के लिए रवाना हुआ। किसानों ने हाथों में यूनियन के झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए अपने वाहनों के साथ यात्रा शुरू की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में किसान एकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसान नेताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसान, मजदूर और ग्रामीण समाज की आवाज को मजबूती से उठाया और उनका जीवन किसानों के हितों को समर्पित रहा।यात्रा के दौरान किसान नेता राजकुमार ने कहा कि आज किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती है।वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि किसानों और गांवों की आवाज थे।आज भी उनका नाम आते ही संघर्ष, सादगी और ईमानदारी की तस्वीर सामने आ जाती है।आजादी के आंदोलन से लेकर आपातकाल के विरोध तक,और जमींदारी प्रथा के खिलाफ लड़ाई में भी चौधरी चरण सिंह ने हर दौर में निडर होकर सच का साथ दिया।उन्होंने सत्ता से समझौता नहीं किया, बल्कि हमेशा आम किसान के हितों को प्राथमिकता दी।ग्रामीण भारत को आत्मसम्मान दिलाने का उनका सपनाआज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है।उनकी सोच और सिद्धांत आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार से किसानों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा आज भी प्रासंगिक है और उसी के आधार पर किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, वहीं सुरक्षा व्यवस्था के भी उचित इंतजाम किए गए थे।

