मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ । सरूरपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। हर्रा कस्बे के मुख्य बाजार में रविवार देर रात किराना दुकान का ताला तोड़कर बदमाशों ने हजारों की नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया, जबकि पास लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश साफ तौर पर कैद हो गया। हर्रा निवासी इसरार ने बताया कि उसके भाई फैजान पुत्र मुनफेद की बाजार में किराना की दुकान है। रोज की तरह रविवार रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला। गल्ले से करीब 12 हजार रुपये नकद, एनर्जी ड्रिंक की पेटी समेत अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था।हैरानी की बात यह है कि दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश सामान को बोरे में भरकर ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है, इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दिन पहले खिवाई गांव में भी मजदूर के मकान में चोरी की घटना हुई थी, लेकिन आज तक किसी मामले का खुलासा नहीं हो सका। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों और ग्रामीणों में भय का माहौल है।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब इस संबंध में थानाध्यक्ष गौरव सिंह से जानकारी चाही गई तो उन्होंने घटना की जानकारी से ही इंकार कर दिया, जिससे पुलिस की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए और लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।

