मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।दौराला थाना क्षेत्र के गांव अझहोता के जंगल में शुक्रवार को एक बुजुर्ग का सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की हालत अत्यंत खराब थी, ग्रामीणों ने 15 दिन पूर्व गांव से लापता हुए 80 वर्षीय बुजुर्ग बनारसी सैनी के रूप में की। बताया गया है कि 5 दिसंबर को गांव अझहोता निवासी बनारसी सैनी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। इस संबंध में उनके पुत्र श्यामलाल ने दौराला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।शुक्रवार शाम गांव निवासी किसान पंडित अनिल शर्मा, जो अपने खेतों पर कार्य कर रहे थे, ने जंगल की ओर खेत में एक शव पड़ा देखा। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को दी। सूचना मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को अवगत कराया गया।ग्रामीणों की सूचना पर दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार शव बुरी तरह सड़-गल चुका था तथा जानवरों द्वारा शव को काफी हद तक नोच लिया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने शव के कपड़ों के आधार पर इसे लापता बुजुर्ग बनारसी सैनी का होना बताया है। शुक्रवार को दोपहर करीब 1:45 बजे जब परिजन दीपक सैनी से इस संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि शव पर मिले कपड़े उनके पिता बनारसी सैनी के ही हैं।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

