मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। मेरठ-बागपत रोड पर कुराली गांव के पास शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में आर्मी के जवान की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे कार सवार जवान राहुल कुमार (32) पुत्र जगबीर सिंह, निवासी ग्राम हजरतपुर, तहसील खुर्जा, जिला बुलंदशहर की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार इंडियन आर्मी में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग राजस्थान के बीकानेर में थी। घटना के समय वह अकेले अपनी पत्नी प्रीति को ड्यूटी से लेने बागपत जा रहे थे। उनकी पत्नी प्रीति उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर पुलिस लाइन जिला बागपत में तैनात हैं। लेकिन इससे पहले कि वह पत्नी को सुरक्षित घर ले जा पाते, रास्ते में यह हादसा हो गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मंगेश्वर स्थित रोड पर बिखरे हादसे के मंजर ने राहगीरों को दहला दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना की खबर जैसे ही मृतक के गांव हजरतपुर पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जवान की असामयिक मौत ने परिवार सहित पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया और सड़क हादसों पर लगाम लगाने की मांग की है।आर्मी जवान राहुल कुमार के निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र शोकाकुल है।

