मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरधना नगर के मोहल्ला ऊंचापुर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नवविवाहित दूल्हा अपनी ही सुहागरात को रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। मोहल्ले में घटना की चर्चा पूरे दिन बनी रही और परिवारजन सदमे व चिंता में डूबे हुए हैं।जानकारी के अनुसार मोहल्ला ऊंचापुर निवासी मोहसीन पुत्र सईद की बारात बुधवार को खतौली कस्बे में गई थी। पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ और देर रात बारात वापस घर लौट आई थी। परिजन और रिश्तेदार शादी की खुशियों में मग्न थे।रात के समय, जब दूल्हा-दुल्हन अपने कमरे में थे, तभी मोहसीन ने अपनी नई नवेली दुल्हन से यह कहते हुए बाहर कदम रखा कि उसे बाजार से कुछ सामान लाना है। परिजनों के अनुसार वह सामान्य रूप से घर से निकला और सभी को लगा कि वह कुछ देर में वापस आ जाएगा, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा।काफी देर बीत जाने पर जब मोहसीन की कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। रातभर परिजन और रिश्तेदार सरधना, आस-पास के बाजारों, परिचितों के घरों और संभावित स्थानों पर तलाश करते रहे, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।सुबह होते-होते चिंता और बढ़ गई। परिजनों ने मजबूर होकर थाना सरधना पहुंचकर युवक के अचानक गायब होने की तहरीर पुलिस को देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। परिवार ने बताया कि मोहसीन का फोन भी बंद आ रहा है, जिससे आशंका और गहरी हो गई है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी है और उसके मोबाइल नंबर, मित्रों व अन्य संपर्कों की जांच की जा रही है। वहीं मोहसीन के अचानक लापता होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। नई दुल्हन भी सदमे की स्थिति में बताई जा रही है।स्थानीय लोग भी घटना को लेकर अलग-अलग चर्चाएँ कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

