मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पिठलोकर में शुक्रवार को पारंपरिक दंगल का भव्य आयोजन किया गया। इस दंगल कार्यक्रम का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सिवालखास विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नदीम चौहान ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ-साथ कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।दंगल के शुभारंभ के मौके पर नदीम चौहान का ग्रामीणों ने फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही नदीम चौहान जिंदाबाद और समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे गूंज उठे। मंच पर पहुंचकर उन्होंने आयोजकों की सराहना की और कहा कि गांवों में आयोजित होने वाले ऐसे खेल कार्यक्रम हमारी संस्कृति, एकता और भाईचारे का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि दंगल जैसे पारंपरिक खेल युवाओं को नशे और गलत राह से दूर रखते हैं तथा शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखते हैं। सपा नेता ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ मंच और अवसर की। उन्होंने युवाओं से अपील की वे खेलों में आगे आएं और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने दंगल में भाग लेने वाले पहलवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों में खेल भावना के साथ-साथ आपसी एकजुटता भी बढ़ती है।कार्यक्रम के दौरान पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। हर दांव-पेंच पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। आयोजकों की ओर से विजेता पहलवानों को सम्मानित किया गया।इस मौके पर क्षेत्र के सम्मानित व्यक्ति, ग्राम प्रधान, समाजसेवी, युवजन सभा के कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से भी उचित इंतजाम किए गए थे।दंगल का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों ने सपा नेता नदीम चौहान के साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए।

