मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरधना ।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को सरधना तहसील परिसर स्थित शिव मंदिर में भव्य कार्यक्रम और पद संचलन का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुज त्यागी (विभाग सेवा प्रमुख) रहे, जबकि अध्यक्षता मानिकचंद जैन (नगर सेवा प्रमुख) ने की। दोनों ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीराम के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं शस्त्र पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इस अवसर पर मुख्य शिक्षक प्रदीप कुमार, नगर शारीरिक शिक्षा प्रमुख उपस्थित रहे। प्रार्थना का वाचन शुभम मिश्रा (नगर बौद्धिक प्रमुख) ने किया और कार्यक्रम का संचालन श्याम सुंदर शर्मा (जिला सह संपर्क प्रमुख) ने किया। अमृत वचन अंश गिरी ने वाचा, जबकि एकल गीत सुनील ने प्रस्तुत किया।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अनुज त्यागी ने कहा कि संघ विजयदशमी के दिन अपने 100 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इन सौ वर्षों में संघ ने समाज और राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि संघ समाज में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्यों के माध्यम से समाज को संगठित कर रहा है।अनुज त्यागी ने बताया कि संघ की स्थापना डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने मात्र पांच स्वयंसेवकों के साथ की थी, जो आज एक विश्वव्यापी संगठन बन चुका है। विभिन्न क्षेत्रों—सेवा, शिक्षा, कृषि, और सामाजिक कार्यों में—संघ के अनेक संगठन सक्रिय हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मानिकचंद जैन ने कहा कि संघ की शताब्दी पर पूरा समाज संघ की ओर आशा भरी दृष्टि से देख रहा है। उन्होंने कहा कि संघ ने अपने 100 वर्षों में ऐसी उपलब्धियाँ अर्जित की हैं, जिनसे भारत मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है।उन्होंने कहा कि संघ व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक सदैव अग्रणी भूमिका निभा रहा है और आगे भी अपनी इस परंपरा को निरंतर जारी रखेगा।कार्यक्रम में मुकुल चंदेल (जिला भवंतु संयोजक), मलखान सैनी, सुमित, सचिन खटीक, सोम सेना अध्यक्ष, विक्की सैनी, रवि कुमार, श्रीमती बबली वर्मा, पं. राज मंगल मिश्रा, श्रीमती बीना मिश्रा, अंश कुमार, वरुण वर्मा, सजल त्यागी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों व स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

