मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। डॉ. भीमराव अंबेडकर जन कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सराय काजी स्थित निजी स्थान पर संपन्न हुई। बैठक का मुख्य एजेंडा महिला सशक्तिकरण तथा समाजसेवा के विभिन्न पहलुओं पर मंथन रहा। समिति के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से यह मत रखा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और उनकी सशक्त भूमिका समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।बैठक के दौरान समाजसेवी कविता जाटव और अजय कुमार को समाज सेवा क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल सम्राट ने कहा कि ऐसे सम्मान समाजसेवियों को आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि समाज के हर वर्ग तक शिक्षा, जागरूकता और समान अधिकारों की पहुंच सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।बैठक में आगामी महीनों की रणनीति और कार्यक्रमों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। समिति ने निर्णय लिया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता शिविर, शिक्षा प्रोत्साहन अभियान और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, समाज के पिछड़े वर्गों के उत्थान और युवाओं के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल सम्राट, महासचिव विपिन कुमार, जिला अध्यक्ष अजय कुमार, लेखा परीक्षक टीटू सागर, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार, नीटू जाटव, मोनू सिंह, कविता और मीडिया प्रभारी अखिल गौतम मौजूद रहे। सभी ने समाज सेवा की दिशा में मिलकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।समिति के पदाधिकारियों ने अंत में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों और विचारधारा को समाज में आगे बढ़ाना ही संगठन का उद्देश्य है।

