मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ।शुक्रवार की सुबह सरधना-दौराला मार्ग पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब पुआल से लदा ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली निर्माणाधीन पुलिया के पास पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई राहगीर या वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा भारी जनहानि हो सकती थी। ट्रॉली के पलटने से एक बिजली का खंभा टूट गया और आसपास की कई दुकानों के शटर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने रोष जताया और प्रशासन से इन पर अंकुश लगाए जाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने बताया कि हरियाणा से रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पुआल लेकर सरधना पहुंचती हैं। डेयरी व्यवसाय के चलते तहसील रोड पर पुआल की मंडी भी लगती है। अधिकांश ट्रॉलियां ओवरलोड व ओवर हाइट होती हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है।दौराला रोड पर बनी पुलिया कई महीनों से अधूरी है। गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ सतह के कारण यहां से गुजरना बेहद कठिन हो गया है। हादसे में शामिल ट्रॉली को भी पुलिया पर बने गड्ढों के कारण संतुलन खोना पड़ा। ट्रॉली चालक असलम पुत्र तौफीक, निवासी जिजोला, जनपद शामली, पुआल लेकर हरियाणा से सरधना आ रहा था। पुलिया पार करते समय उसका ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में धंस गया और पलट गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। साथ ही अधूरी पुलिया को जल्द पूरा कर सुरक्षित बनाया जाए, ताकि बड़े हादसों से बचा जा सके।

