सरधना संवाददाता एन 20 न्यूज़
सरधना । सरधना थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि बेटी दुकान से घर लौट रही थी, तभी गांव के ही दो युवकों ने उसे जबरन एक मकान के अंदर खींच लिया और उसके साथ गलत हरकतें कीं। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिवार को आपबीती बताई।परिवार ने तुरंत सरधना दौराला रोड पर गंग नहर पुल पर स्थित पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने न केवल शिकायत दर्ज करने से इनकार किया बल्कि कथित रूप से मामले को रफा-दफा करने का दबाव भी बनाया।पीड़िता के पिता का कहना है कि जब उन्होंने ज़ोर देकर कार्रवाई की मांग की, तो पुलिस ने लापरवाही दिखाई और यह कहा कि “मामला आपसी है, सुलझा लो।” इस बीच, आरोपित युवक ने परिजनों को धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो पूरे परिवार को अंजाम भुगतना होगा। जिसके बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा घंटों तक थाने में डेरा डाले रखा लेकिन उनकी सुनवाई किसी ने नही की। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे डरे हुए हैं लेकिन अब पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि चौकी पुलिस की भूमिका की जांच हो और दोषी पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आरोपी युवकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय ग्रामीणों का भी कहना है कि पुलिस अक्सर ऐसे मामलों में टालमटोल करती है, जिससे पीड़ित परिवार न्याय से वंचित रह जाते हैं। इस पूरे मामले ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में किशोरियों की सुरक्षा और पुलिस की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

