मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। विधानसभा सिवालखास क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए खिवाई बायपास और करनावल-खेड़ी मिसिंग लिंक रोड निर्माण कार्य का भव्य शुभारंभ किया गया। इन दोनों महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इन सड़कों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके पूरा होने से आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।नेपड़ी से अंगूरों के बाग रोहटा रोड तक बनने वाले खिवाई बायपास की कुल लंबाई लगभग 2 किलोमीटर है। इस परियोजना के लिए 158.73 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। वहीं ग्राम करनावल से ग्राम खेड़ी तक बनने वाली मिसिंग लिंक रोड की लंबाई करीब 2.5 किलोमीटर है, जिस पर 134 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों सड़कें क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।इन विकास कार्यों का उद्घाटन सिवालखास विधानसभा के विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद एवं बागपत लोकसभा सांसद डॉ. राजकुमार सागवान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर खिवाई पतिपर्सन शमशाद चेयरमैन, कुंवर मोहम्मद अली चेयरमैन, हाफिज निसार आबिद, रशीद लंबरदार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र की तरक्की की रीढ़ होती हैं और इन परियोजनाओं के पूरा होने से व्यापार, शिक्षा और ग्रामीण संपर्क को बड़ा लाभ मिलेगा।क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और इसे सिवाल खास क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

