संजय सिंह बोले- रोजगार, सामाजिक न्याय और संविधान बचाने की लड़ाई अब जनआंदोलन बन चुकी है
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ आम आदमी पार्टी द्वारा मेरठ से गाजियाबाद तक निकाली जा रही “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा के दूसरे दिन रविवार को मेरठ की सड़कों पर भारी जनसैलाब देखने को मिला। राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा का जगह-जगह फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, आशा बहुएं, शिक्षामित्र, रोजगार सेवक, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के लोग यात्रा में शामिल हुए।संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के रोजगार, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है।उन्होंने कहा कि यह संघर्ष उन गरीब रेहड़ी-पटरी वालों के लिए भी है, जिन पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों तथा आरक्षण पर हमले किए जा रहे हैं। संजय सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान के अनुसार देश चलाने और हर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए जनता को इस आंदोलन से जुड़ना होगा।पदयात्रा में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी परेशान है। किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के बजाय प्रचार और विदेश दौरों में व्यस्त है।उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रोजगार और सामाजिक न्याय की इस लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आएं और मिस्ड कॉल नंबर 7500040004 पर कॉल कर इस जन आंदोलन का हिस्सा बनें।आम आदमी पार्टी के यूपी सह प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि लाखों पढ़े-लिखे युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है।पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि मेरठ से गाजियाबाद तक निकल रही यह पदयात्रा पश्चिम उत्तर प्रदेश में बदलाव और जनसंघर्ष की नई ऊर्जा पैदा कर रही है। वहीं मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि मेरठ की जनता का ऐतिहासिक समर्थन यह साबित करता है कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है।पदयात्रा में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें सुरेंद्र चौधरी, सोमेंद्र ढाका, सभाजीत सिंह, मनीष सिंह, नीलम यादव, पंकज अवाना, अरविंद बाल्यान, दिनेश पटेल, वंशराज दुबे, सिवालखास विधानसभा अध्यक्ष इंतजार अली, भूपेंद्र चौधरी, फुरकान त्यागी, सचिन वाल्मीकि, नीलम शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

