लखनऊ संवाददाता एन 20 न्यूज
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विजयदशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विजयदशमी अन्याय पर न्याय और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। हमें बुराई को अच्छाई से हराने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से इसकी शुरुआत होगी और उत्तर प्रदेश ही देश को बचाएगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र बचाने का चुनाव बताते हुए भाजपा की हार का दावा किया।अखिलेश यादव मंगलवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी 26 नवंबर 2026 को अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। उन्होंने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी के साथ है।
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में समाज का हर वर्ग परेशान है। महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, लूट और अन्याय चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए झूठा प्रचार कर रही है और समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे, निवेश और युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर भी सरकार से सवाल किए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक श्रमिक पलायन कर रहे हैं।
पीडीए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट
सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए ने संविधान को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और संविधान की रक्षा करना समाजवादी पार्टी का संकल्प है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए आरक्षण को समाप्त करने की कोशिश कर रही है तथा समाज में नफरत फैलाकर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने पीडीए के लोगों से भाजपा की कथित साजिशों से सावधान रहने की अपील की।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में नाम काटे जाने और वोट बनवाने की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने जिन गड़बड़ियों की शिकायत की, उन पर दोषी कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से 24 अक्टूबर 2026 को अपने-अपने बूथ पर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की।
रामराज और समाजवाद को बताया समान
अखिलेश यादव ने कहा कि रामराज और समाजवाद का मूल भाव समान है। उन्होंने नफरत की राजनीति करने वालों पर निशाना साधते हुए सामाजिक न्याय, आपसी सद्भाव और सम्मान की भावना को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी को दुख, पीड़ा या अपमान नहीं देना चाहती और कानून के राज के साथ सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाज के हर वर्ग को न्याय, हक और सम्मान मिलेगा। साथ ही उन्होंने तिहाड़ जेल में बंद काकरोच जनता पार्टी के नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की रिहाई की मांग भी की।



