मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जनपद में बिना लाइसेंस विस्फोटक सामग्री और पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध रासायनिक पदार्थों के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना परतापुर, ब्रह्मपुरी, रेलवे रोड और देहलीगेट पुलिस की संयुक्त टीम ने गौरव मोहन से संबंधित विभिन्न गोदामों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ, तैयार पटाखे और पटाखा निर्माण सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये है।पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान थाना रेलवे रोड और देहलीगेट क्षेत्र स्थित गोदामों की तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में बरामद सामग्री का बिना वैध लाइसेंस या प्राधिकार के भंडारण किया जाना सामने आया है।रेलवे रोड क्षेत्र के गोदामों से विभिन्न प्रकार के तैयार पटाखे, स्काई शॉट, फुलझड़ी, अनार, सिग्नल रॉकेट, विसलिंग पटाखे, छोटी-बड़ी नलियां समेत बड़ी मात्रा में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार यहां बरामद संदिग्ध रासायनिक पदार्थों का वजन कई टन है। इनमें विभिन्न रंगों के पाउडर और अन्य पदार्थ शामिल हैं।वहीं, देहलीगेट क्षेत्र से फ्यूज वायर, एल्यूमिनियम फ्लैक, एल्यूमिनियम पाउडर, मैग्नीशियम पाउडर, बेरियम कार्बोनेट, टाइटेनियम पाउडर, चारकोल समेत पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री बरामद हुई है।पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर उसके स्रोत, खरीद-बिक्री, भंडारण और उपयोग के संबंध में जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध रासायनिक पदार्थों के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। साथ ही संबंधित लाइसेंस और प्राधिकार की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिनियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी



