सिवालखास में घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा, सीसीटीवी से चला नाले में गिरने का पता; तीन साल में दूसरे बच्चे की गई जान
अनीस अहमद संवाददाता एन 20 न्यूज
सिवालखास कस्बे में खुले पड़े नाले एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। शुक्रवार को घर के बाहर खेल रहा डेढ़ वर्षीय मासूम मोहम्मद जेन अचानक करीब छह फुट गहरे नाले में जा गिरा। काफी देर तक बच्चे के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो मासूम नाले की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने नाले में तलाश शुरू की और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद कर लिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।मोहम्मद जेन गुलबहार का तीन बच्चों में सबसे छोटा बेटा था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह घर के बाहर खेल रहा था। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान खेलते हुए बच्चा घर के सामने खुले नाले के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। काफी देर तक जब जेन दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने आसपास के घरों और गलियों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में बच्चा नाले की ओर जाता और उसमें गिरता दिखाई दिया। जानकारी मिलते ही ग्रामीण नाले के पास पहुंचे और पानी में बच्चे की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद मासूम का शव नाले से बाहर निकाला गया। बेटे का शव देखते ही माता-पिता और अन्य परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
आबादी के बीच खुले पड़े हैं गहरे नाले
ग्रामीणों का कहना है कि सिवालखास कस्बे में कई स्थानों पर नाले खुले हुए हैं। इनकी गहराई दो से छह फुट तक बताई जा रही है। आबादी के बीच खुले नाले होने के बावजूद उनके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नालों को ढकने और उन पर स्लैब डलवाने की मांग कई बार नगर पंचायत से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
2024 में भी हुई थी मासूम की मौत
ग्रामीणों के मुताबिक वर्ष 2024 में भी खुले नाले में गिरने से दो वर्षीय दानियाल की मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद खुले नालों को ढकने की मांग जोर-शोर से उठी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद नालों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि अगर समय रहते नाले को ढक दिया जाता तो शुक्रवार को हुए हादसे को रोका जा सकता था।
जिम्मेदारों से कार्रवाई की मांग
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में रोष है। लोगों ने नगर पंचायत की ईओ नीति गुप्ता, चेयरपर्सन फुरकाना चौहान और प्रशासनिक अधिकारियों से कस्बे में खुले पड़े सभी नालों को तत्काल ढकवाने और उनके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि खुले नालों के कारण बच्चों और राहगीरों की जान पर खतरा बना हुआ है। अब किसी और हादसे का इंतजार करने के बजाय जिम्मेदारों को तत्काल कदम उठाने चाहिए।



