Oplus_16908288
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
थाना सरधना पुलिस और स्वाट टीम मेरठ ने कुशावली गांव के पास गन्ने के खेत में मिले महिला के शव के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सादिक समेत अबतक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शीबा की हत्या उसके करीब 18 माह के बेटे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते साजिश रचकर की गई।पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को कुशावली-सलावा मार्ग पर संगीत सोम के फार्म हाउस के सामने गन्ने के खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। सूचना पर सरधना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल की जांच की। महिला की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव की तस्वीरें सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के माध्यम से प्रसारित कराईं।21 अगस्त को हुई शीबा की पहचानपुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव सियाल निवासी जुनैद ने व्हाट्सऐप पर फोटो देखकर शव की पहचान अपनी बहन शीबा पुत्री मुस्तफा के रूप में की। इसके बाद जुनैद की तहरीर पर सरधना थाने में सादिक, वसीला, आसिया, आबिद और शादाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।बेटे को लेकर हुआ था विवादपुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि शीबा के करीब 18 माह के बेटे को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। पुलिस का दावा है कि सादिक की पहली पत्नी आसिया बच्चे को अपने पास रखना चाहती थी और इसी विवाद के चलते शीबा को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।पुलिस के मुताबिक, सादिक, आसिया, वसीला, आबिद और शादाब ने कथित तौर पर मिलकर योजना बनाई। आरोप है कि शीबा को घुमाने के बहाने बलेनो कार में बैठाया गया। रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई और ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कुशावली-सलावा मार्ग स्थित गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।शनिवार को तीन आरोपी गिरफ्तारसरधना पुलिस और स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए वसीला पत्नी बाबर, आसिया पत्नी सादिक और शादाब पुत्र बाबर को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी पुलिस ने बरामद कर ली।मुख्य आरोपी सादिक रविवार को गिरफ्तारपुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सादिक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सादिक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने का दावा किया है। इसके बाद सादिक को रविवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।मामले में नामजद एक अन्य आरोपी आबिद की गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस द्वारा किए जा रहे हैं।



