मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। थाने से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक मेडिकल स्टोर को चोरों ने देर रात निशाना बना लिया। चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखी नकदी समेत बड़ी मात्रा में दवाइयां चोरी कर फरार हो गए। सुबह मेडिकल स्टोर खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।मेडिकल स्टोर संचालक वसीम ने बताया कि सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी। पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 24 हजार रुपये की नकदी और लगभग 15 हजार रुपये कीमत की दवाइयां चोरी कर ले गए। इस तरह चोर करीब 39 हजार रुपये का माल समेटकर फरार हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर मेडिकल स्टोर में चोरी की घटना सामने आने से स्थानीय व्यापारियों में भी रोष है। व्यापारियों का कहना है कि यदि थाने के नजदीक ही चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं तो क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



