Oplus_16908288
दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं, बीमा की रकम हड़पने की थी साजिश; पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में सांप के काटने से हुई युवक की मौत के मामले में मेरठ पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी पत्नी ने पहले पति को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर बेहोश किया, फिर जहरीले सांप से डसवाकर उसकी हत्या करा दी।पुलिस के अनुसार ग्राम भंडोरा निवासी अतुल पंवार (35) अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर क्षेत्र में एक पब्लिक स्कूल का संचालन करता था। 17 जुलाई 2026 की सुबह दामिनी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति की सांप के काटने से मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वाट टीम देहात और हस्तिनापुर पुलिस ने संयुक्त जांच की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि दामिनी का गांव भंडोरा निवासी तुषार से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों ने मिलकर अतुल की हत्या की योजना बनाई।जांच में सामने आया कि घटना वाली रात दामिनी ने अतुल को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं। इसके बाद तुषार ने अपने साथी उदय कुमार और सपेरे शिवम उर्फ लाला की मदद से जहरीला सांप लाकर अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया, जिससे सांप के डसने से उसकी मौत हो गई।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। आरोपियों की योजना बीमा की रकम हासिल करने की थी। पुलिस के अनुसार इस रकम में से सपेरे और अन्य सहयोगियों को पांच लाख रुपये देने की बात भी तय हुई थी।इतना ही नहीं, पुलिस ने खुलासा किया कि करीब 20 दिन पहले भी तुषार ने अतुल को कार से टक्कर मारकर दुर्घटना का शिकार बनाने की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट पहनने के कारण वह बच गया था। उस समय दामिनी ने घटना को सामान्य दुर्घटना बताकर मामला शांत करा दिया था।स्वाट टीम देहात और थाना हस्तिनापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल अनावरण कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
