मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति ने अपनी पत्नी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं ब्यूटी पार्लर संचालिका निशा चौहान की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने चाकू उठाकर निशा चौहान पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही सरूरपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।दिनदहाड़े हुई इस नृशंस हत्या से कस्बा हर्रा में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
