मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। थाना जानी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को एक होटल से दबोचा, जहां वह छिपकर रह रहा था। इस दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए बिना आईडी और रजिस्टर एंट्री के कमरा देने पर होटल संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी 2026 को थाना जानी क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जानी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जतिन पुत्र ओमकार, निवासी अल्लीपुर मुगलपुर बाबूगढ़ छावनी (जनपद हापुड़) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी एक होटल में छिपा हुआ था।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल संचालक ने नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना किसी पहचान पत्र और रजिस्टर में प्रविष्टि किए आरोपी को कमरा उपलब्ध कराया था। इस पर पुलिस ने होटल संचालक को भी हिरासत में लेकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

