मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के सिसौला खुर्द गांव में आवारा कुत्तों के हमले से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।गांव निवासी सूरजमुखी (55), पत्नी यशपाल सिंह, शनिवार शाम खेत से गन्ने की खुदाई कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। कुत्तों ने महिला के मुंह, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर बुरी तरह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक महिला की हालत नाजुक हो चुकी थी। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ ही देर में सूरजमुखी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी इस घटना को लेकर शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है।ग्रामीणों ने आवारा कुत्तों को पकड़ने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर आवारा कुत्तों की समस्या और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानी थाना पुलिस ने मृतक महिला सूरजमुखी का पोस्टमार्टम करने का प्रयास किया लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से मन कर दिया और बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कर दिया।

